Wednesday, 26 December 2018

स्वात घाटी: अद्भुत सुन्दरता

  स्वात घाटी की अद्भुत सुन्दरता को कुदरती करिश्मा कहा जाना चाहिए। जी हां, स्वात घाटी वस्तुत: प्रकृति का सुन्दर उपहार है। पाकिस्तान के खैबर पख्तुनख्वा प्रांत स्थित यह घाटी वैश्विक पर्यटकों का बेहद पसंदीदा पर्यटन क्षेत्र है। 

  वस्तुत: स्वात घाटी पाकिस्तान का प्रशासनिक जिला है। हालांकि घाटी का मुख्य शहर मिंगोरा है। स्वात घाटी में चौतरफा झीलों-झरनों, पर्वत शिखरों एवं घाटियों-वादियों का आच्छादन है।
  आकाश का स्पर्श करते शिखर श्रंखला पर्यटकों को मुग्ध कर लेते हैं। मखमली घास के मैदान एवं सघन वन क्षेत्र पर्यटकों को एक सुन्दर परिवेश देते हैं। 

  इन खूबसूरत हसीन वादियों-घाटियों में पर्यटक खुद की सुध-बुध खो देते हैं। बारिश एवं सर्दियों में स्वात घाटी की खूबसूरती आैर भी अधिक बढ़ जाती है।
   घाटी का विशेष आकर्षण बसंत ऋतु से शरद ऋतु तक रहता है। कारण चौतरफा मखमली घास के हरे-भरे मैदान नजर आते हैं तो वहीं पहाड़ों पर बर्फ की सुन्दर चादर दिखती है। 

   यह दृश्य अति लुभावना होता है। सर्दियों में यहां बर्फबारी का मौसम रहता है। चौतरफा पहाड़ों पर बर्फ की ओढ़नी दिखती है। 
  यह दृश्य बेहद मनोहारी एवं रोमांचक होता है। स्वात घाटी एवं उसके आसपास सुन्दर एवं आकर्षक स्थानों की एक लम्बी श्रंखला है।

   खास तौर से स्वात संग्रहालय, मालम जब्बा, बहरीन घाटी, कलाम, उसो, गबराल, महोदंड झील, पारी झील, कुण्डोल झील, बाशीग्राम झील एवं स्पिन ख्वार आदि इत्यादि बहुत कुछ दर्शनीय है।
   स्वात घाटी शीतलता एवं सुरम्यता के विशेष आकर्षण से वैश्विक पर्यटन के तौर पर ख्याति रखती है। स्वात घाटी की सुगंध पर्यटकों के दिलों पर छा जाती है। 
   स्वात संग्रहालय: स्वात संग्रहालय वस्तुत: मिंगोरा एवं सैदु के मध्य एक अति दर्शनीय संरचना है। स्वात संग्रहालय में सुन्दर दीर्घाओं की एक श्रंखला है। इसमें खास तौर से बौद्ध स्थलों की प्राचीन गंधरा मूर्तियां संग्रहित एवं प्रदर्शित है। 

  वस्तुत: यह संग्रहालय भगवान गौतम के जीवन काल को चित्रित एवं रेखांकित करता है। खास तौर से टेराकोटा की मूर्तियां, प्राचीन बर्तन, मोती, कीमती पत्थर, प्राचीन सिक्के, प्राचीन हथियार, धातु की वस्तुएं, गंधरा की जीवन शैली, प्राचीन कढ़ाई-बुनाई आदि बहुत कुछ प्रदर्शित है।
   बहरीन घाटी: बहरीन घाटी समुद्र तल से करीब 1400 मीटर ऊंचार्ई पर स्थित एक सुन्दर पर्यटन स्थल है। 

   बहरीन घाटी वस्तुत: हस्तशिल्प के लिए प्रसिद्ध है। खूबसूरत नक्काशीदार लकड़ी का सामान पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां की कलात्मकता विलक्षण है।
   कलाम घाटी: कलाम घाटी वस्तुत: स्वात घाटी का एक सुन्दर एवं आकर्षक हिस्सा है। मिंगोरा से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित कलाम घाटी समुद्र तल से करीब 2070 मीटर ऊंचाई पर है। 

   वनस्पतियों से आच्छादित सुन्दर वन क्षेत्र  कलाम घाटी का मुख्य आकर्षण है। कलाम घाटी का मुख्य आकर्षण झील एवं झरनों की श्रंखला है। झीलों-झरनों की सुन्दरता पर्यटकों को बरबस आकर्षित करती है।    
   गबराल: गबराल वस्तुत: स्वात घाटी का एक सुन्दर आयाम है। समुद्र तल से करीब 2580 मीटर ऊंचाई पर स्थित यह इलाका बेहद शानदार एवं दर्शनीय है।

   यह इलाका आैषधीय वनस्पतियों के लिए विशेष ख्याति रखता है। पर्यटक यहां वनस्पतियों की सुगंध के साथ ही एक खास स्फूर्ति का एहसास करते हैं। खास यह कि यहां की 75 से अधिक वनस्पतियों का आैषधीय उपयोग किया जाता है।
   महोदंड झील: महोदंड झील कलाम घाटी से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित है। खास यह कि पाकिस्तान के खैबर पख्तुनख्वा की मुख्य झील है। महोदंड झील में पर्यटक मछली पकड़ने एवं नौकायन का शौक पूरा कर सकते हैं। झील मखमली घास के मैदानों, बर्फ से ढ़के पहाड़ों एवं वनस्पतियों से आच्छादित सघन वन क्षेत्र से चौतरफा घिरी है। 

   पारी झील: पारी झील खास तौर से स्वात घाटी की मुख्य झीलों में से एक है। सुन्दरता के कारण इस झील को परियों का निवास स्थान भी कहा जाता है। यहां फूलों की सुगंध दिल आैर दिमाग को एक ताजगी प्रदान करती है तो वहीं फूलों की सुन्दरता पर्यटकों को मुग्ध कर लेती है। 

   कुंडोल झील: कुंडोल झील खास तौर से एक सुरम्य एवं शांत स्थान है। यह इलाका खास तौर से एक शानदार पिकनिक स्पॉट के तौर पर ख्याति रखता है। इसे घाटी का रोमांटिक क्षेत्र कहा जा सकता है। देवदार एवं पाइन के वन आच्छादन से घिरा यह इलाका बेहद दर्शनीय है।
   बाशीग्राम झील: बाशीग्राम झील बेहद शांत एवं सुन्दर है। ट्रैकर्स का यह बेहद पसंदीदा क्षेत्र है।

   स्वात घाटी की यात्रा के सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। निकटतम एयरपोर्ट सैदु शरीफ एयरपोर्ट है। सैदु शरीफ एयरपोर्ट से स्वात घाटी की दूरी करीब 40 किलोमीटर है।
   पर्यटक इस्लामाबाद इण्टरनेशनल एयरपोर्ट से भी स्वात घाटी की यात्रा कर सकते हैं। इस्लामाबाद से स्वात घाटी की दूरी करीब 315 किलोमीटर है। पर्यटक रेल एवं सड़क मार्ग से भी स्वात घाटी की यात्रा कर सकते हैं।
34.006960,71.533060 

No comments:

Post a Comment

यूनिवर्सल स्टूडियो: रोमांच की दुनिया    यूनिवर्सल स्टूडियो को एक रोमांचक एहसास कहा जाना चाहिए। जी हां, यूनिवर्सल स्टूडियो रोमांच की एक अ...